जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सावन माह में भक्त भगवान शिव की भक्ति में मग्न होने लगे हैं। प्रथम सोमवार को देवालयों में जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इस दौरान भक्त जन हर-हर महादेव व बम-बम भोले के जयघोष भी लगा रहे थे।
मैदानी क्षेत्रों में सावन माह की शुरुआत हो गई है। इसको लेकर भक्तों में काफी उत्साह बना हुआ है। यही कारण था कि सोमवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही थी। कई देवालयों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई थी। सबसे अधिक भीड़ घराट मंदिर, बालाजी मंदिर, देवी रोड, सिद्धबली मंदिर सहित अन्य देवालयों में उमड़ी हुई थी। कई भक्त नंगे पैर हाथों में जल लिए घर से देवालय तक पहुंच रहे थे। सावन को लेकर मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया था। जलाभिषेक करने वालों में सबसे अधिक संख्या महिलाओं की थी। दोपहर तक मंदिरों में भक्तों की भीड़ देखने को मिली। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए मंदिर समितियों को भी पसीना बहाना पड़ा।