क्रूजर वाहन खड़े ट्रक से टकराया, दो की मौत व 14 घायल

Spread the love

रुद्रपुर। नेपाल से हिमाचल प्रदेश जा रहा क्रूजर वाहन नकटपुरा चौराहा के पास खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर है। सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया है। नेपाल के नेपालगंज से कुल्लू हिमाचल प्रदेश जा रहा क्रूजर वाहन एचआर 068 बी-6048 सितारगंज के नकटपुरा चौराहे पर शनिवार देर रात्रि लगभग 1़45 बजे सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीटे से टकरा गया। हादसे के बाद वाहन में सवार 24 यात्रियों में चीख-पुकार मच गयी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। उन्होंने घायलों को वाहन से बाहर निकाला। गाड़ी का एक हिस्सा ट्रक के टायरों के नीचे घुस गया। इस ओर बैठी सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को 108 से सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक ड़ अभिलाषा पांडे ने पारस (17) पुत्र सुनील तथा माधव (8) पुत्र जनक निवासी दायलेख नेपाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य 14 घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद सभी घायलों को एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया। घायलों में तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। वाहन में सवार सभी सवारियां एक ही गांव की बताई जा रही हैं। वाहन में सवार सोबित ने बताया कि वह सो रहे थे, अचानक तेज आवाज हुई और गाड़ी में तेज झटका लगा। सीटों पर बैठे सभी लोग गिरे। सीटें भी उखड़ गईं। इतने में चीख-पुकार मच गयी। अंधेरा हो जाने के कारण कुछ भी नहीं दिख रहा था। कुछ देर बाद पुलिस, एम्बुलेंस पहुंची तो कई सवारियां बेसुध थीं। कुछ दर्द से कराह रही थीं। वाहन में छोटे बच्चे समेत कुल 24 लोग सवार थे। सड़क के किनारे खड़ा ट्रक खराब बताया जा रहा है। रविवार को पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे में ये हुए घायल
शोभाराम, शिवशंकर, सुनील, लक्ष्मी, जोगना, कमल, सोबिता, जय बहादुर, जमक बाइक, झलक बहादुर, रतनकुमारी, सोबिन, ममता, करन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *