क्रशर खनन पट्टे दिए जाने का ग्रामीण करेंगे विरोध

Spread the love

अल्मोड़ा। तहसील अंतर्गत थापला व छौराड़ी गांवों के पास रामगंगा नदी के किनारे क्रशर प्लांट-खनन पट्टे दिए जाने कीे तैयारी चल रही है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश उत्पन्न हो चला है। उनका कहना है कि वह किसी भी सूरत में यहां खनन पट्टा देकर प्लांट नहीं लगने देंगे। ग्रामवासियों की ओर से उत्तराखंड युवा शक्ति संगठन ने बुधवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर खनन प्लांट का पुरजोर विरोध किया है। कहा है कि जबरन खनन पट्टे दिए जाने की दशा में दर्जनों गांवों के ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे। ज्ञापन में कहा गया है कि सूत्रों के हवाले से खबर मिल रही है कि ग्राम दुगोलीबाग, थापला व छौराड़ी के बीच रामगंगा नदी किनारे कशर प्लांट-खनन पट्टे दिए जाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए ग्रामीणों को विश्वास में लिए बिना ही पूर्व में स्थल का राजस्व टीम ने सर्वे भी कर लिया है, लेकिन ग्रामीणों को अंधकार में रखा गया है। स्थल के रामगंगा नदी के दोनों ओर तीन ग्रामों की नाप भूमि है, इसलिए ग्रामीण खनन प्लांट का पुरजोर विरोध करते हैं। मांग की गई है कि ग्रामीणों के हितों को ध्यान में रखते हुए यहां क्रशर खनन पट्टे न दिए जाएं। जबरन क्रशर खनन प्लांट लगाए जाने पर दर्जनों गांवों के ग्रामीण आंदोलन के लिए सड़क पर उतर आएंगे। ज्ञापन में मोहन राम, दया सागर, विमला देवी, सदी देवी, उदुली देवी, सविता, चंदन प्रकाश, हरी देवी, गीता, बसंती, दीपक कुमार, कमला, खुशाल सिंह, दलीप कुमार व हरीश चंद्र समेत दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *