चमोली : रविवार को ब्लॉक के नंदासैंण में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ चार दिवसीय पर्यावरण संर्वधन पर्यटन एवं विकास मेले के दूसरे दिन पारंपरिक रीति-रिवाजों और क्षेत्रीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई। वहीं, दौड़ प्रतियोगिता के 1600 मीटर में अनमोल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय स्तरीय बॉलीबॉल प्रतियोगिता में नन्दासैंण नैणी की टीम ने विजेता बनी। मुख्य अतिथि बदरीनाथ क्षेत्र के विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि मेलों का आयोजन न केवल सांस्कृतिक एकता को सशक्त बनाता है, बल्कि क्षेत्रीय विकास, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय पर्यटन को भी नई दिशा देता है। मेलों को विकास संवाद का माध्यम बनाकर स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और ग्रामीण उद्यमों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए ताकि युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर मिल सकें। कहा कि स्थायी राजधानी गैरसैंण बनना प्रदेश के संतुलित विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। जिन वीरों ने राज्य निर्माण के लिए अपना बलिदान दिया उन्हें सदैव नमन करना हमारा कर्तव्य है। विशिष्ट अतिथि हरिकृष्ण भट्ट ने कहा कि आज ग्राम पंचायतों और नगर पालिकाओं में बड़ी संख्या में नौजवान जनप्रतिनिधि के रूप में आगे आए हैं जो राज्य की नई दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि यह राज्य संघर्ष, बलिदान और पहाड़ के स्वाभिमान की नींव पर खड़ा है। उन्होंने स्वर्गीय विधायक डॉ. अनुसूया प्रसाद मैखुरी के योगदान को याद करते किया। इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष विनोद नेगी, सचिव विनोद मालई आदि उपस्थित रहे। (एजेंसी)