दुगड्डा में आयोजित किए जा रहे शहीद मेले का दूसरा दिन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहीद मेले में कलाकारों की प्रस्तुतियां ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर शाम तक दर्शक लोक गायकों के मधुर गीतों पर झूमते हुए नजर आए। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
दुगड्डा में आयोजित मेले के दूसरे दिन का शुभारंभ मुख्य अतिथि तीरथ सिंह रावत ने किया। सांसद ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक कहे जाने वाले शहीद चंद्रशेखर आजाद वो हैं, जिन्हें सुनकर हर भारतीय को गर्व होता है। उन्होंने स्वतंत्रता के लिए स्वयं को न्यौछावर कर दिया था। आज युवाओं को महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है। इसके उपरांत संदेश कला सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लोकगायक संजय सिंह रावत ने ‘बामक महाबगढ़ बल तेरी चौदिशों जय ह्वे …’, ‘पौस्तु का छूमा मेरी भग्यानी बो..’, ‘मैं तो नहीं जाऊंगा नेपाल…’, ‘ब्वाडा ब्या ब्या ब्या…’ की प्रस्तुति दी। लोकगायिका संजना गुसाईं ने ‘मुल मुल केकु हैसनी छै तू..’ सहित अन्य गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने झांकियों के साथ ही नृत्य की भी प्रस्तुति दी। इस मौके पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी गोवर्धन जोशी, संजीव कपूर, प्रदीप बडोला, दीपक ध्यानी, गिरीश गौड़ आदि मौजूद रहे।