कार्यशाला में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अलायन्स ऑर्गनाइजेशन देहरादून की ओर से संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से राजकीय बालिका इंटर कालेज घमंडपुर में पौराणिक सांस्कृतिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को पहाड़ी की संस्कृति व सभ्यता के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान गढ़वाली लोकगीत, झोड़ा, युगल नृत्य, नंदा राजजात, सामूहिक लोकनृत्य तथा अन्य पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का आरंभ मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य सुषमा दास एवं विशिष्ट अतिथि तृप्ति कुकरेती व आर्गनाइजेशन की अध्यक्ष माया राणा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। अध्यक्ष माया राणा ने कहा कि अलायन्स ऑर्गेनाइजेशन उत्तराखंड में संस्कृति के संरक्षण, संवद्र्धन और प्रचार-प्रसार के लिए सतत कार्य कर रही है। कहा कि हिमालय केवल एक भौगोलिक श्रृंखला नहीं, अपितु आस्था, अध्यात्म, परंपरा और लोकजीवन का सजीव प्रतीक है। यहां की लोक संस्कृति अपने आप में हिमालयी जनजीवन की आत्मा है, जो पीढ़ियों से चली आ रही लोक कथाओं, लोक गीतों, लोक नृत्यों, त्योहारों, वेशभूषा, रीति-रिवाज़ों और पर्व-उत्सवों में प्रकट होती है। प्रधानाचार्य सुषमा दास ने कहा कि हिमालय की संस्कृति केवल हमारी धरोहर नहीं, बल्कि समूचे देश और मानवता का आधार है। इसका संरक्षण केवल सरकार का ही नहीं, जन-जन का उत्तरदायित्व है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं ने सर्वप्रथम गढ़ वंदना एवं माँ नंदा-सुनंदा की स्तुति प्रस्तुत की। कार्यक्रम में हारमोनियम पर राकेंद्र रौथाण, ढोलक पर सुधांशु बिष्ट, हुड़का पर पुनीत और बांसुरी पर राजन बिष्ट ने संगत दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *