कण्वाश्रम में आयोजित किया जा रहा बसंतोत्सव
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के अंतर्गत कण्वाश्रम में बुधवार से कण्वाश्रम बसंत महोत्सव का श्रीगणेश हो गया है। पहले दिन बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बुधवार को आयोजित कण्वाश्रम महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों के लिए बालीबॉल, कबड्डी, पेंटिंग सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति व सभ्यता के प्रचार-प्रसार के लिए आगे आने की अपील की। कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है। इसके लिए हमें अपनी संस्कृति के संरक्षण के लिए आगे बढ़कर कार्य करना चाहिए। इस दौरान विद्यार्थियों ने गढ़वाली, कुमाऊंनी सहित अन्य गीतों पर प्रस्तुति दी। लोक गीतों पर दी गई विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 22 जनवरी को महोत्सव में खेल प्रतियोगिताओं के साथ ही पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता होगी। साथ ही संस्कृति विभाग के कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। 23 जनवरी को उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण व साथी कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी, विजयानंद पोखरियाल, हरि सिंह पुंडीर, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शांता बमराड़ा, शशि बाला केष्टवाल, उम्मेद बिष्ट, प्रमोद डोबरियाल, रजनीश चौधरी, मनमोहन द्विवेदी, सिमरन बिष्ट आदि मौजूद रहे।