भुवनेश्वर , कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। सोमवार देर रात इलाज के दौरान दो और मरीजों की मौत हो गई। राज्य सरकार ने घटना को अत्यंत गंभीर मानते हुए जांच तेज करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, कटक के एससीबी मेडिकल के ट्रॉमा आईसीयू में लगी आग में अब तक 12 मरीजों की जान जा चुकी है, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के समय आईसीयू में कुल 14 गंभीर मरीज भर्ती थे। इनमें से 11 मरीज वेंटिलेटर पर और तीन बिना वेंटिलेटर के थे। पास के पीडियाट्रिक आईसीयू में भर्ती एक मरीज की हालत भी घटना के बाद बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि रात करीब ढाई बजे एसी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जिसके बाद एक वेंटिलेटर का एयर कंप्रेसर फट गया। धमाके के बाद दो बेड में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा आईसीयू धुएं और लपटों से भर गया। उस समय आईसीयू में दो महिला नर्सिंग अधिकारी ड्यूटी पर मौजूद थीं। उन्होंने तुरंत अन्य कर्मचारियों को बुलाया, जिसके बाद नीचे की मंजिल से तीन कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
00