रुद्रपुर()। साइबर ठगों ने सितारगंज के एक ग्रामीण का बैंक खाता खुलवाकर उसमें ठगी की रकम डलवाई और एटीएम के जरिए रुपये निकाल ली। जांच में सामने आया है कि इस खाते से जुड़े साइबर ठगी के मामले देहरादून और जयपुर में दर्ज हैं। पुलिस ने खाताधारक समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि साइबर सेल से प्राप्त म्यूल खातों की सूची में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की सितारगंज शाखा में कुलदीप कुमार पुत्र रामअवतार, निवासी लालरखास के नाम खाता चिह्नित हुआ, जो पांच अप्रैल को खोला गया था। पूछताछ में कुलदीप ने बताया कि वह मजदूरी करता है और उसके पड़ोस में किराये पर रहने वाले राजेश कुमार पुत्र सोमपाल, निवासी बनकुईयां गोठा, हाल निवासी वार्ड छह नहरपार ने पैसों का लालच देकर उससे खाता खुलवाया था। आरोप है कि राजेश ने कहा था कि खाते में आने वाली रकम से कुलदीप का कोई लेना-देना नहीं रहेगा और बदले में उसे प्रति सप्ताह 500 रुपये दिए जाएंगे। लालच में आकर कुलदीप ने खाता खुलवा दिया। उसने यह भी बताया कि राजेश ने इसी तरह कई अन्य लोगों के खाते भी खुलवाए हैं। एसएसआई के अनुसार, कुलदीप के खाते पर ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की दो शिकायतें दर्ज हैं। पहली शिकायत पांच अक्तूबर को देहरादून के विद्या विहार निवासी सोनी नायडू ने और दूसरी जयपुर के भंगरोटा निवासी पिंकी पुत्री भगवान सहाय शर्मा ने कराई। खाते में पांच अक्तूबर को 22 हजार और पांच हजार रुपये जमा हुए, जिनमें से 20 हजार रुपये एटीएम से निकाल लिए गए। पुलिस ने कुलदीप और राजेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।