अल्मोड़ा()। जिले में होसाइ शेयर नामक निवेश एप के जरिए साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला सोमेश्वर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां एक ग्रामीण से साइबर ठगों ने 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित का कहना है कि कंपनी से जुड़े लोगों ने पहले क्षेत्र के कुछ स्थानीय युवकों को एजेंट बनाया और उनके माध्यम से ग्रामीणों को मोबाइल एप पर निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि होसाइ शेयर एप में रकम लगाने पर नियमित और निश्चित लाभ मिलेगा। इसी भरोसे में आकर कई लोगों ने एप में पैसे लगाने शुरू कर दिए। पीड़ित ने भी शेयर में निवेश किया, लेकिन कुछ ही समय में लगभग 50 हजार रुपये की राशि ठगी का शिकार हो गई। बाद में न तो निवेश की रकम वापस मिली और न ही किसी तरह का लाभ दिया गया। इसी तरह फर्जी ट्रेडिंग और निवेश एप होसाइ शेयर के माध्यम से एक अन्य व्यक्ति से यूपीआइ के जरिए एक लाख नौ हजार 595 रुपये की साइबर ठगी का मामला भी सामने आया है। पीड़ित ने साइबर अपराध प्रकोष्ठ को लिखित शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 7 सितंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 के बीच मोबाइल और वेब आधारित होसाइ शेयर एप के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग, माइनिंग और निवेश का लालच दिया गया। एप के संचालकों और उनके प्रतिनिधियों ने नियमित मुनाफे का भरोसा दिलाया, जिसके झांसे में आकर पीड़ित ने निवेश शुरू किया। पीड़ितों ने पुलिस से ठगी की गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।