साइबर पुलिस ने ठग से वापस दिलवाई रकम

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : साइबर सेल ने साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति के खाते में लूटी गई रकम को वापस दिलवाया है। इस दौरान पुलिस ने आमजन से किसी भी अंजान व्यक्ति को अपने बैंक से संबंधित जानकारी नहीं देने की अपील की है।
पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन विभव सैनी ने बताया कि मामले में ग्राम खनेता निवासी सुनील रावत की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हे कॉल कर बताया कि वह उनका जीजा बोल रहा है। बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति पर भरोसा कर वह उसकी बातों में आ गए। व्यक्ति ने बताया कि उसने उनके खाते में पैसे भेजे हैं। इसके लिए उन्हें गूगल पे पर भेजे गए ओटीपी को बताना होगा। बताया कि जैसे ही उन्होंने फोन पर व्यक्ति को ओटीपी बताया उनके खाते से 70 हजार रुपये गायब हो गए। पुलिस ने बताया कि बैंक के साथ मिलकर व्यक्ति के खाते से निकाली गई रकम को वापस दिलवाया गया है। लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध को रोकने के लिए पुलिस लगातार जागरूकता अभियान भी चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *