पेड़ों की हरियाली के बिना मानव जीवन की कल्पना करना व्यर्थ : डबराल

Spread the love

एसजीआरआर लालपानी में छात्रों ने पौधा रोपण कर संरक्षण का लिया संकल्प
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हरेला पर्व की पूर्व संध्या पर मंगलवार को श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल लालपानी में औषधीय, छायादार फलदार प्रजाति के पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य विभाकर डबराल ने कहा कि हरेला पर्व का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण और जल संरक्षण से है, इसके लिए हम सभी को इस अभियान में मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने हरेला पर्व के बारे में बताते हुए कहा कि हरेला पर्व हरियाली का प्रतीक है। प्रकृति का सर्वश्रेष्ठ उपहार वन है। पेड़ों की हरियाली के बिना मानव जीवन की कल्पना करना व्यर्थ है। वन पृथ्वी की अमूल्य धरोहर है। पौधें लगाकर ही प्रकृति को संतुलित रखा जा सकता है।
प्रधानाचार्य विभाकर डबराल के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में पौधा रोपण किया गया। इस दौरान अमरुद, लीची सहित फलदार और औषधीय प्रजाति के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रधानाचार्य ने छात्रों को अधिक से अधिक संख्या में पौधा रोपण करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि मात्र पौधा रोपण तक सीमित न रहकर उन्हें संरक्षित और जीवंतता देना भी प्रत्येक मानव की भावना होनी चाहिए। कहा कि आज के दौर में पर्यावरण के बढ़ते प्रदूषण के खतरे से जहां भारी जल संकट का खतरा पैदा हो रहा है, वही जंगल भी समाप्त हो रहे हैं, ऐसे में इसका बड़ा खामियाजा जीव-जंतुओं को भुगतना पड़ रहा है। प्रधानाचार्य ने कहा कि पौधा रोपण करने से पर्यावरण को फायदा तो होगा ही साथ ही जल संकट से भी निजात मिलेगी। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *