पेयजल संकट दूर करने को दलित परिवारों ने लगाई सीएम से गुहार

Spread the love

नई टिहरी। देवप्रयाग ब्लॉक की ग्राम पंचायत उनाना के 22 दलित परिवारों ने पेयजल संकट से निजात के लिए सीएम से गुहार लगाई है। दलित परिवारों के अनुसार उनके लिए दो बार टैंक बनाने को सर्वेक्षण किया गया, लेकिन यह टैंक किसी और स्थान पर बना दिया गया। देवप्रयाग की ग्रापं उनाना के नागराजा गैर नामी तोक में 22 दलित व 6 सामान्य परिवार निवास करते हैं। गांव से दूर इन परिवारों को 45 करोड़ की बागवान-हिंडोलाखाल-पेयजल योजना के पुनर्गठन में पेयजल का लाभ दिये जाना तय हुआ था। पूर्व प्रधान सीता देवी ने बताया कि, पेयजल से वंचित 28 परिवारों के लिए चौरीधार में जलनिगम, देवप्रयाग की ओर से 2019 व 2022 में टैंक निर्माण को लेकर सर्वेक्षण किया गया।नागराजा तोक निवासी सोबनलाल, देवेंद्रलाल, बिसुदास, हौसु दास, काल दास, गणेश दास, पद्मा देवी आदि के अनुसार, पेयजल टैंक बनने से उनको पानी आसानी से उपलब्ध होने की उम्मीद बन गयी थी। लेकिन जल निगम ने प्रभावशाली लोगों के दबाब में टैंक को तय स्थान के बजाय 4 सौ मीटर दूर बना दिया। यहां सिर्फ छह परिवारों का निवास है। दलित परिवारों ने जब इसका विरोध किया गया तो जल निगम ने उनके लिए दूसरा टैंक बनाये जाने की बात कही। लेकिन दो साल गुजर जाने के बाद भी जल निगम ने इस पर कोई काम नहीं किया। इस सम्बंध में जल निगम अधिकारियों से कई बार संपर्क किया गया मगर उनके द्वारा आश्वासन ही दिये जाते रहे। ग्राम प्रधान संगठन के पूर्व अध्यक्ष रुकम सिंह बिष्ट ने बताया कि, पेयजल से वंचित 28 परिवारों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज की है। जिसमें सरकारी योजनाओ के लाभ से उन्हें वंचित किये जाने की जांच डीएम से करवाने व दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की गुहार लगायी गयी है। दलित परिवारों ने क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी के संज्ञान में भी यह मामला लाया। विधायक कंडारी ने जल निगम अधिकारियों से इस बाबत जानकारी लेकर उनाना में पेयजल वितरण में सुधार के निर्देश दिये।

उनाना में पेयजल टैंक तय स्थान पर ही बना है। नागराजा तोक के निकट अलग से व्हील वॉल लगा दिया जायेगा। यहां नियुक्त व्यक्ति निर्धारित समय पर वॉल खोलगा, जिससे इन परिवारों को जलापूर्ति होती रहेगी। – दौलतराम बेलवाल, ईई जल निगम, देवप्रयाग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *