बारिश से स्कूल के भवन को पहुंचा नुकसान, खेल मैदान में भू-कटाव

Spread the love

एकेश्वर प्रखंड के अंतर्गत पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत को हुआ नुकसान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पिछले चार दिन से चल रही बारिश के कारण एकेश्वर प्रखंड के अंतर्गत पब्लिक इंटर कालेज सुरखेत को नुकसान पहुंचा है। विद्यालय भवन की छत का लेंटर लगातार नीचे गिर रहा है। साथ ही कक्षाओं में जल भराव हो गया है। स्कूल का खेल मैदान भी भू-कटाव की जद में आ गया।
एकेश्वर ब्लॉक के सुरखेत विद्यालय में कई गांव के बच्चे पढ़ते हैं। ऐसे में विद्यालय भवन की बदहाली के कारण शिक्षा व्यवस्था को संचालित करना एक चुनौती बन गई है। बारिश के कारण विद्यालय के भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान प्रयोगशाला में जल भराव हो गया। साथ ही दो कक्षाओं की छतों का प्लास्टर भी गिर गया। क्रीड़ा मैदान में लगातार भू-कटाव हो रहा है। प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि अतिवृष्टि के कारण विद्यालय परिसर में पूरी तरह पानी भर गया है। भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान प्रयोगशालाओं में पानी घुसने से विज्ञान उपकरण व सामग्री खराब हो गई है। बताया कि 13 जुलाई को आपदा कंट्रोल रूम चौबट्टाखाल को विद्यालय की जर्जर हालत से अवगत करवाया गया था। राजस्व उपनिरीक्षक पट्टी मवालस्यूं भाग-1 की ओर से स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। जिसके बाद सिंचाई खंड श्रीनगर गढ़वाल की ओर से मरम्मत हेतु आंगणन शीट तैयार करके दो लाख रुपये अनुमानित व्यय विवरण तैयार किया गया था। लेकिन अब तक धरातल पर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ। ऐसे में कक्षाएं संचालित करने में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *