चाय बागान में खड़कों का खतरा बढ़ा, स्थानीय निवासी ने वन विभाग से की कठोर कार्रवाई की मांग

Spread the love

देहरादून()। आशा रोड़ी रेंज के अंतर्गत चाय बागान क्षेत्र में लगातार लगाए जा रहे खड़कों ने स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र निवासी व पशु क्रूरता निवारण समिति के सदस्य कुनाल गौड़ ने इस संबंध में मुख्य वन्यजीव वॉर्डन, उत्तराखंड को विस्तृत शिकायत भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार 24 अक्टूबर से लेकर अब तक कई बार चाय बागान की झाड़ियों में खड़के मिल चुके हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह जाल जंगली जानवरों के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं और ये किसी संगठित शिकारी गिरोह की ओर इशारा करते हैं। जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और खड़कों को हटाकर क्षेत्र का निरीक्षण किया। गौड़ ने बताया कि उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को लगातार हो रही संदिग्ध गतिविधियों के बारे में अवगत कराया। चाय बागान क्षेत्र के पास से बार-बार खड़कों का मिलना वन्यजीवों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की गश्त बढ़ाने के साथ-साथ खड़के लगाने वालों की पहचान कर कठोर कानूनी कार्रवाई आवश्यक है। वन विभाग ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए खड़कों को हटाकर गश्त तेज करने की बात कही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई न की गई तो यह क्षेत्र वन्यजीवों के लिए गंभीर रूप से असुरक्षित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *