नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत काशीरामपुर तल्ला में खुले में बह रहा नाला
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : काशीरामपुर तल्ला क्षेत्र में खुले में बह रहा नाला आमजन के लिए मुसीबत बन रहा है। खुले में बह रहे इस नाले से उठ रही दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों को संक्रामक बीमारियों का खतरा सताने लगा है। कई बार नाला ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी सड़क पर ही बहने लगता है। नाले को ढकने के लिए स्थानीय लोग कई बार निगम से गुहार भी लगा चुके हैं।
बाजार क्षेत्र से गाड़ीघाट होते हुए काशीरामपुर तल्ला क्षेत्र में बह रहा यह नाला कई स्थानों पर खुले में बह रहा है, जिस कारण आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध का माहौल बना रहता है। गर्मी बढ़ने के कारण ही स्थिति और अधिक विकराल होती जा रही है। दुर्गंध के कारण लोगों का अपने घर व प्रतिष्ठानों में बैठना भी मुश्किल होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि काशीरामपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर नाले के ऊपर स्लैब नहीं बनाई गई है, जिससे राह चलते लोगों को नाले में बहती हुई गंदगी दिखाई देती है। नाले में कई बार सीवर का पानी भी बहता रहता है। ऐसे में वार्डवासियों को संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है। कहा कि व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए वह कई बार नगर निगम के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं। लेकिन, हालात जस के तस बने हुए हैं।
दुर्घटनाओं का खतरा
खुले में बह रहे इस नाले से क्षेत्र में दुर्घटनाओं का भी खतरा बना रहता है। हालांकि, कुछ समय पहले सरकारी सिस्टम ने नाले के आसपास लोहे के जाल लगाए थे। लेकिन, कुछ असामाजिक तत्वों ने इन जालों को भी काट दिया है। ऐसे में राहगीरों के नाले में गिरने का खतरा बना रहता है। सबसे अधिक खतरा रात के अंधेरे में बना रहता है। यदि नाले के ऊपर स्लैब डाल दी जाती है तो सभी समस्याओं का निराकरण हो जाएगा।