तेज वर्षा व आंधी से ढही दीवार, खतरा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार क्षेत्र में रविवार रात हुई तेज बारिश व आंधी से वार्ड नंबर 32 देवरामपुर में स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती शिशु मंदिर परिसर की दीवार ढह गई। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को खतरा बना हुआ है। वहीं, बारिश से क्षेत्र में गेंहू की फसल को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
क्षेत्र में पिछले दो दिन से तेज रूक-रूक कर बारिश हो रही थी। लेकिन, रविवार रात अचानक तेज बारिश के साथ ही आंधी भी चलने लगी। तेज वर्षा के कारण वार्ड नंबर 32, देवरामपुर स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती शिशु मंदिर परिसर की लगभग 150 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार पूर्ण रूप से ढह गई। इस कारण विद्यालय व विद्यालय में अध्ययनरत 28 छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। विद्यालय प्रबंधक मोहनलाल ममगाई ने बताया कि सुरक्षा दीवार ढहने से रात को क्षेत्र में घूमते बेसहारा गौ वंश के परिसर में प्रवेश करने का खतरा पैदा हो गया है। क्षेत्र में लंगूर व बंदरों का आतंक भी बना रहता है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए विभाग के उच्च अधिकारियों सहित उपजिलाधिकारी को भी समस्या से अवगत करा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *