रुद्रपुर। ग्राम दरऊ के प्रधानपति गफ्फार खान ने अपने समर्थकों के साथ विधायक तिलकराज बेहड़ के खिलाफ प्रदर्शन कर उनका पुतला फूंका। आरोप लगाया कि बेहड़ स्वयं अपराधियों को संरक्षण देते हैं और राजनीतिक द्वेष के चलते उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने विधायक को दो दिन के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का अल्टीमेटम दिया। बीते दिनों यूपी पुलिस ने बहेड़ी में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से पिस्टल की खेप बरामद की थी। बरेली के एएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि आरोपी ग्राम दरऊ के प्रधानपति गफ्फार खान और समीर को हथियार सप्लाई करने जा रहे थे। इसके बाद किच्छा की सियासत गर्मा गई। रविवार को विधायक तिलकराज बेहड़ ने प्रेस वार्ता कर गफ्फार खान पर क्षेत्र में गुंडागर्दी को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके विरोध में मंगलवार को गफ्फार खान समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में डीडी चौक पहुंचे और प्रदर्शन किया। गफ्फार ने कहा कि उन्होंने और उनके साथियों ने प्रधान व बीडीसी चुनाव बेहड़ समर्थित प्रत्याशियों को हराकर जीते हैं, जिससे पूर्वाग्रहवश उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने हथियार तस्करों से किसी भी प्रकार का संबंध होने से इनकार किया और इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताया। प्रदर्शन के दौरान वाहिद पहलवान, साजिद खान, गुड्डू मलिक, जीशान मलिक और फजीलत मियां सहित कई समर्थक मौजूद रहे।
भाजपा माहौल खराब करने का प्रयास कर रही : भूपेंद्र
किच्छा। गफ्फार खान के आरोपों पर पलटवार करते हुए अनुपम सिनेप्लेक्स स्थित नगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि मामला बहेड़ी में दर्ज है, इसलिए गफ्फार को वहीं जाकर प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले भाजपा क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। पूर्व पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली ने कहा कि यूपी पुलिस के खुलासे के बाद ही विधायक ने बयान दिया था। कांग्रेसी नेता राजेश प्रताप ने कहा कि विधायक बेहड़ क्षेत्र की जनता के साथ मजबूती से खड़े हैं और पंचायत चुनाव में जनता इस पर मुहर लगा चुकी है। प्रेसवार्ता में एनयू खान, ओमप्रकाश दुआ, गुलशन सिंधी और फजील खान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।