रुद्रपुर(। शक्तिफार्म में दिनदहाड़े 12 लाख रुपये और करीब छह लाख के जेवर चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बहू ने ही फेसबुक फ्रेंड के लिए चोरी की थी। पुलिस ने बहू और युवक को गिरफ्तार कर लाखों की नकदी और जेवर बरामद किए हैं। आजाद वार्ड नंबर-1 शक्तिफार्म निवासी निशिकांत पुत्र नीमचंद्र हालदार ने सात अप्रैल को पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 6 अप्रैल को दिन में अलमारी के लॉकर से 12 लाख रुपये नकद और करीब छह लाख के सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। कोतवाल सुंदरम शर्मा के अनुसार, चौकी इंचार्ज ललित चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने संदेह के आधार पर निशिकांत की पुत्रवधू अमिता हालदार पत्नी सपन हालदार से पूछताछ की। उसने बताया कि करीब पांच माह पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान सोमनाथ हालदार पुत्र सुखलाल हालदार निवासी बंगाली कॉलोनी, नानकमत्ता से हुई थी। बाद में दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। इस दौरान अमिता ने घर में रखी नकदी और जेवरात की जानकारी सोमनाथ को दी। 6 अप्रैल को परिवार के लोग जलाभिषेक के लिए मंदिर गए थे, तभी अमिता ने अलमारी से नकदी और जेवर निकालकर सोमनाथ को शक्तिफार्म बुलाकर सौंप दिए। पुलिस ने सोमनाथ हालदार के घर से 4,98,900 रुपये नकद, चार जोड़ी पायल, दो चेन, दो कंगन और एक जोड़ी कुंडल बरामद किए। पूछताछ में सोमनाथ ने बताया कि फेसबुक पर दोस्ती के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। अमिता ने ही उसे बुलाकर रुपये और जेवर का बैग दिया था। पुलिस ने शुक्रवार को अमिता और सोमनाथ को गिरफ्तार कर लिया। टीम में ममता राणा, हरीश राम और भूपाल सिंह बिष्ट शामिल रहे।