कल्याणी नदी में मिला दो दिन से लापता बच्चे का शव

Spread the love

 

रुद्रपुर (आरएनएस)। भूत बंगला में बुधवार को दो दिन से लापता बच्चे का शव कल्याणी नदी में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की है। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, भूत बंगला वार्ड नंबर 20 निवासी जीरान रजा (7) पुत्र मुख्तार रजा कक्षा दो का छात्र था। बताया जा रहा है कि अक्तूबर को सुबह 11 बजे जीरान अपनी मां को दोस्तों के साथ खेलने की बात कहकर घर से गया था। दोपहर के खाने के बाद जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसकी मां ने मुख्तार को सूचना दी। इस पर उसके पिता ने खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद चौकी रम्पुरा पुलिस को सूचित कर गुमशुद्गी दर्ज करवाई। मंगलवार शाम परिजनों और पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। इसमें दिखाई दिया कि जीरान कल्याणी नदी की ओर जा रहा है। इस आधार पर परिजनों ने उसके नदी में डूबने की आशंका जताई।
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने खबर दी कि रम्पुरा बस्ती में कल्याणी नदी के किनारे एक बच्चे का शव पड़ा है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाया। परिजनों ने शव की शिनाख्त लापता जीरान रजा के रूप में की। पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। रम्पुरा चौकी प्रभारी केसी आर्या ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए परिजनों ने तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *