एक युवक का शव हुआ बरामद, दो लापता, नदी के बीच खड्ड में फंसी कार

Spread the love

कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य लालपुल के समीप खोह नदी में गिरी थी कार
खोह में फंसे एक युवक को एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर निकाला बाहर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य लालपुल के समीप हुई कार दुर्घटना में लापता तीन युवकों में से एक युवक का पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। वहीं, घटनास्थल से करीब आधे किलोमीटर दूर खोह नदी के तट पर फंसे एक अन्य युवक को एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर सकुशल बाहर निकाला। वहीं, दो अन्य लापता युवाओं की खोज में एसडीआरएफ की टीम देर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाती रही। टीम को सिद्धबली मंदिर के समीप दुर्घटनाग्रस्त हुई कार भी दिखाई दी। लेकिन, नदी का जलस्तर अधिक होने के कारण कार बाहर निकालने में परेशानी हो रही थी।
मंगलवार दोपहर जिला बिजनौर, थाना कीरतपुर, ग्राम भनेड़ा निवासी इसरार, शहाबुद्दीन, शाहिल, ग्राम बसेड़ा निवासी गुलशेर व वसीम अपनी कार से घूमने के लिए दुगड़्डा आए हुए थे। देर शाम करीब सात बजे जब वह वापस लौट रहे थे तो लालपुर के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर खोह नदी में समा गई। दुर्घटना के दौरान कार की अगली सीट पर बैठा गुलशेर छिटक कर झाड़ियों में गिर गया। जिसे राष्ट्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों ने राजकीय बेस चिकित्सालय पहुंचाया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम अन्य युवकों की तलाश में जुटी रही। घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर खोह नदी के तट पर फंसे शाहिल को चार घंटे के रेस्क्यू के बाद मध्य रात्रि में सकुशल बाहर निकाला गया। वहीं, बुधवार तड़के सिद्धबली पुल से करीब एक किलोमीटर आगे एसडीआरएफ ने इसरार का शव बरामद किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि वसीम व शाहबुद्दीन की तलाश में पुलिस व एसडीआरएफ ने पूरे दिन अभियान चलाया। लेकिन, उनका कोई सुराग नहीं मिला। अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुई कार सिद्धबली मंदिर के समीप खोह नदी की गहराई में दिखाई दी। कार को नदी से बाहर निकालने के लिए एसडीआरएफ व पुलिस टीम क्रैन सहित अन्य मशीने लेकर पहुंची थी। लेकिन नदी का जलस्तर अधिक होने के कारण अभियान चलाने में काफी परेशानी हो रही थी।

अनियंत्रित होकर नदी में गिरी थी कार
बताते चलें कि बीती रात करीब सात बजे कोटद्वार से करीब 3 किलोमीटर आगे दुगड्डा की ओर लालपुर के समीप एक कार अनियंत्रित होकर खोह नदी में जा गिरी। कार में जनपद बिजनौर निवासी 5 युवक सवार थे, जो दुगड्डा क्षेत्र में घूमने के लिए आए थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार से छिटक कर गिरे ग्राम बसेड़ा निवासी गुलशेर को उपचार के लिए बेस चिकित्सालय में भेज दिया। जबकि ग्राम मेमन निवासी साहिल नदी के दूसरे छोर पर नजर आया।

रेस्क्यू किये गए व्यक्तियों के नाम
गुलशेर पुत्र अनवर, निवासी ग्राम बसेड़ा, थाना किरतपुर जनपद बिजनौर उ.प्र.
मुशर्रफ पुत्र राजव अली निवासी मेनन सादात थाना किरतपुर बिजनौर उ.प्र.
मृतक का नाम पता
इशरार पुत्र सुक्खे निवासी ग्राम भनेड़ा बिजनौर उ.प्र.
लापता व्यक्तियों का नाम पता
सीम पुत्र यामीन निवासी ग्राम बसेड़ा थाना किरतपुर जनपद बिजनौर उ.प्र.
शहाबुद्दीन निवासी ग्र्राम मेनन भनेड़ा बिजनौर उ.प्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *