रुड़की(। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक दवा कंपनी में कार्यरत 19 वर्षीय कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों के साथ आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कंपनी गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि युवक से लगातार तीन दिन तक जबरन काम कराया गया। आरोप है कि करंट लगने के कारण कर्मचारी की मौत हुई है। साथ ही घटना के करीब 12 घंटे बाद परिवार को सूचना देने का भी आरोप लगाया गया है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गदरजुड़ा निवासी 19 वर्षीय आदर्श रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित दवा कंपनी में कर्मचारी था। परिजनों का कहना है कि कंपनी अधिकारियों ने पिछले तीन दिनों से आदर्श को घर नहीं जाने दिया था। काम का टारगेट पूरा करने के दबाव में उससे लगातार ड्यूटी कराई जा रही थी। सोमवार शाम काम के दौरान ही उसकी मौत हो गई, लेकिन कंपनी अधिकारियों ने इसकी जानकारी मंगलवार सुबह परिवार को दी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह के नेतृत्व में 15 से 20 कार्यकर्ताओं के साथ कंपनी पहुंचे। गुस्साए परिजनों और कार्यकर्ताओं ने फैक्ट्री गेट पर तालाबंदी कर धरना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक को फैक्ट्री में बंधक बनाकर काम कराया गया। यह श्रम कानूनों का उल्लंघन है। प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह ने कहा कि 19 वर्षीय युवक से लगातार तीन दिन तक काम कराना गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन की लापरवाही से करंट लगने से युवक की मौत हुई। परिजनों को समय पर सूचना तक नहीं दी गई। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, धरने की सूचना पर गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिजन दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।