आमसौड़-दुगड्डा के मध्य दुर्गा मंदिर से पांच सौ मीटर पहले आया मलबा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पिछले दो वर्षाें से बदहाल पड़ा कोटद्वार-दुगड्डा राष्ट्रीय राजमार्ग बरसात में चुनौती खड़ी कर रहा है। गुरुवार को आमसौड़-दुगड्डा के मध्य दुर्गा मंदिर से करीब पांच सौ मीटर पहले पहाड़ी से मलबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गया। इसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों जाम की स्थिति बनी हुई थी। मौके पर पहुंची पोकलेंड मशीन की मदद से मलबे को साफ किया गया।
मालूम हो कि, दो वर्ष पूर्व बरसात के समय कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग बदहाल हो गया था। राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत नहीं होने से इस वर्ष बरसात के समय यह आवागमन करने वालों की राह में चुनौती बन रहा है। हल्की बरसात होने पर ही पहाड़ी से मलबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ रहा है। कुछ दिन पूर्व दुगड्डा के समीप एक बड़ा पत्थर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिर गया था। गनीमत यह रही कि उस समय उक्त स्थान से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। यही नहीं दुर्गा मंदिर के समीप भी पहाड़ी से एक पत्थर कार के ऊपर गिर गया था। घटना में कार सवार लोगों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई लेकिन, कार का अगला सीसी पूरी तरह टूट गया था। ऐसे में गुरुवार को हुई हल्की वर्षा के दौरान ही दुर्गा मंदिर के समीप पहाड़ी से मलबा आ गया। इसके कारण करीब एक घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लगा हुआ था। पोकलेंड मशीन ने मलबा हटाकर यातायात को सुचारु करवाया।