जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुमखाल-सतपुली के मध्य कुलाड़ बैंड के समीप शनिवार सुबह भारी मलबा आ गया। इसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर घंटो जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर तैनात जेसीबी व पोकलेंन मशीनों से मलबे को साफ कर यातायात सुचारु किया गया।
मालूम हो कि वर्तमान में वर्तमान में नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर अव्यवस्थाएं बनी हुई है। बरसात के मौसम में हाईवे से आवागमन करने वालों के समक्ष कई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। शनिवार सुबह करीब पांच बजे कुल्हाड़ बैंड पर अचानक पहाड़ी से मलबा गिर गया। ऐसे में सतपुली से गुमखाल की ओर से आ रहे पिकअप वाहन के ऊपर भी कुछ मलबा गिर गया। जिससे पिकअप वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मलबे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लगा हुआ था। मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था की जेसीबी व पोकलेंड मशीनों ने मलबे को हटाने का कार्य शुरु किया। सुबह करीब दस बजे मलबा पूरी तरह साफ होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु हो पाया। करीब छह घंटे बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का संचालन होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली। वर्षाकाल में बढ़ रही मुश्किल गुमखाल-सतपुली के मध्य चौड़ीकरण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर अव्यवस्थाएं बनी हुई है। सड़क किनारे पड़े मिट्टे के टीले व मलबा वाहन चालकों की राह में चुनौती बन रहा है।