सेना के जवानों के साथ दशहरा मनाएंगे रक्षा मंत्री

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अरुणाचल प्रदेश के तवांग में एक अग्रिम अड्डे (फॉरवर्ड बेस) पर मंगलवार को सेना के जवानों के साथ दशहरा मनाएंगे। सुरक्षा प्रतिष्ठान के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री तवांग में शस्त्र पूजा भी करेंगे। राजनाथ सिंह ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर सैनिकों के साथ दशहरा मनाने का फैसला ऐसे समय में किया है, जब भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में टकराव वाले कुछ स्थानों पर तीन साल से अधिक समय से गतिरोध बना हुआ है।
सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में एलएसी पर जमीनी स्थिति की व्यापक समीक्षा भी करेंगे। उनके क्षेत्र में कुछ अग्रिम स्थानों का दौरा करने की भी उम्मीद है।
राजनाथ सिंह पिछले कई वर्षों से दशहरा पर ‘शस्त्र पूजा’ करते आ रहे हैं, जिसमें पूर्ववर्ती भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में भी उनका कार्यकाल शामिल है।
भारत और चीन के सैनिकों के बीच पूर्वी लद्दाख में कुछ स्थानों पर तीन साल से अधिक समय से टकराव चल रहा है, जबकि दोनों पक्षों ने व्यापक राजनयिक और सैन्य वार्ता के बाद कई इलाकों से सैनिकों को पीछे हटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
भारत कहता रहा है कि चीन के साथ उसके संबंध तब तक सामान्य नहीं हो सकते जब तक सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति नहीं होती। सेना ने पूर्वी लद्दाख में गतिरोध के बाद सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश सेक्टर सहित करीब 3,500 किलोमीटर लंबी एलएसी पर सैनिकों और हथियारों की तैनाती को काफी बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *