देहरादून की शांत फिज़ा को लगी किसकी नजर .. .. 3 दिन में दूसरा मर्डर

Spread the love

-जिम से निकलते हुए कारोबारी की गोली मारकर हत्या
देहरादून। राजधानी दून में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज सुबह राजपुर रोड सिल्वर सिटी कंपलेक्स में जिम से बाहर निकलते समय एक युवक के सिर पर गोली मार दी गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। जोकि प्रॉपर्टी और खनन से जुड़ा काम करता था। राजधानी देहरादून का सबसे व्यस्त और पॉश इलाका राजपुर रोड शनिवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। बदमाशों ने राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से बाहर निकल रहे स्टोन क्रेशर कारोबारी विक्रम शर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी। शहर के बीचों-बीच हुई इस दुस्साहिक वारदात ने पुलिसिया चौकसी के दावों की हवा निकाल दी है। ताज्जुब की बात यह है कि कारोबारी खुद लाइसेंसी पिस्टल लेकर चल रहे थे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें संभलने तक का मौका नहीं दिया। सहस्रधारा रोड स्थित ग्रीन व्यू निवासी विक्रम शर्मा काशीपुर में स्टोन क्रेशर का कारोबार करते थे। शनिवार सुबह वह रोज की तरह सिल्वर सिटी स्थित जिम में वर्कआउट करने आए थे। जैसे ही वह जिम से बाहर निकले, पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लाइसेंसी पिस्टल भी नहीं आई काम: पुलिस जांच में सामने आया है कि सुरक्षा के मद्देनजर विक्रम शर्मा हमेशा अपनी लाइसेंसी पिस्टल अपने साथ रखते थे। वारदात के वक्त भी पिस्टल उनके पास ही थी, लेकिन बदमाशों ने इतनी तेजी और सटीक तरीके से हमला किया कि विक्रम को अपनी रक्षा में हथियार निकालने का समय ही नहीं मिला।
मौके पर पहुंचीं पत्नी, एसएसपी ने संभाली कमान: घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी सोनिया शर्मा बदहवास हालत में मौके पर पहुंचीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसएसपी अजय सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। बताया कि वारदात के हर पहलू की जांच की जा रही है। सिल्वर सिटी और आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली गई है। हमलावरों की तलाश में पुलिस की कई टीमें शहर के एग्जिट पॉइंट्स और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
तीन दिन में दूसरा मर्डर, दहशत में शहर: देहरादून में तीन दिन के भीतर यह दूसरा बड़ा हत्याकांड है। राजपुर रोड जैसे हाई-प्रोफाइल इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से व्यापारी वर्ग और स्थानीय निवासियों में भारी रोष और दहशत है। पुलिस अब विक्रम शर्मा के व्यापारिक प्रतिद्वंद्वियों और पुरानी रंजिशों के एंगल खंगाल रही है ताकि कातिलों तक पहुंचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *