विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे: दीपक रावत

Spread the love

अल्मोड़ा। कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत ने अल्मोड़ा भ्रमण के दौरान विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया। बैठक में जिला योजना, राज्य योजना और केंद्र पोषित योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट कहा कि सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करे। बैठक में जनपद में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा और वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने सड़क सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, लंबित सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े कार्यों में आपसी समन्वय के साथ गति लाने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री घोषणाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा किया जाए। प्राधिकरण से संबंधित विकास कार्यों पर भी चर्चा करते हुए जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। आयुक्त ने योजनाओं की नियमित निगरानी, स्थलीय निरीक्षण और विभागों के बीच बेहतर समन्वय को जरूरी बताते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्होंने अपराध नियंत्रण, सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने और नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने पर बल दिया। बैठक में पिंक ई-रिक्शा योजना, सखी बाजार, नशा मुक्ति केंद्र, गोवंश संरक्षण से जुड़ी कन्हावन योजना और शिक्षा स्वयंसेवक जैसी पहलों की सराहना भी की गई। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनपद में संचालित योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *