डीएम ने किया बारिश के चलते कई जगहों का निरीक्षण

Spread the love

रुद्रप्रयाग। बीते दो दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते जिलाधिकारी मनुज गोयल ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण करते हुए जायजा लिया। डीएम ने मुख्य मोटर मार्ग के बेलनी पुल के साथ ही भाणाधार, नगर पालिका के ट्रंचिंग ग्राउंड, नरकोटा के समीप बंद हो रहे मोटर मार्ग व अगस्त्यमुनि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अफसरों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। अफसरों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने को कहा। जिले में काफी बारिश होने के कारण अलकनंदा व मंदाकिनी नदी का जल स्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। इससे नदी किनारे रहने वाले परिवारों के संभावित खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन द्वारा लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। अत्यधिक बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी ने शनिवार को स्वयं जनपद के विभिन्न स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी किनारे रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही अनावश्यक रूप से घूम रह लोगों पर नजर रखने व नरकोटा में बाधित हो रहे मोटर मार्ग में कार्य कर रहे मजदूरों को सुरक्षा के दृष्टिगत जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को यहां पर फंसे लोगों को खाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रैंतोली में स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड का निरीक्षण करने के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सीमा रावत ने भारी बारिश के चलते हुए नुकसान के बारे में जानकारी दी। इसके बाद तिलवाड़ा से होते हुए अगस्त्यमुनि व विजयनगर में नदी किनारे बसे लोगों को अन्यत्र स्थानों जैसे स्कूलों व आंगनबाड़ी में रहने की व्यवस्था के निर्देश थानाध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत अगस्त्यमुनि को दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर बृजेश तिवारी, थानाध्यक्ष कुंवर सिंह बिष्ट व सड़क निर्माणदायी संस्था के अधिकारियों सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *