तिलाड़ी मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग

Spread the love

उत्तरकाशी। तिलाड़ी मोटर मार्ग का डामरीकरण नहीं होने से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। क्षेत्र के लोग बीते दो-तीन दशकों से लगातार तिलाड़ी मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुध नहीं ले रहा है। आक्रोशित लोगों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मार्ग के डामरीकरण की गुहार लगाई है। ऐतिहासिक तिलाड़ी शहीद स्मारक के नाम से प्रसिद्घ यह मोटर मार्ग पट्टी बनाल, ठकराल, बड़कोट सहित क्षेत्र के दर्जनों गांवों को तहसील मुख्यालय से जोड़ता है। डामरीकरण नहीं होने से मार्ग खस्ताहाल स्थिति में है। क्षेत्र के युवाओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर एक माह के अंतर्गत उक्त मोटरमार्ग पर डामरीकरण कार्य प्रारंभ करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि रवाईं घाटी के ऐतिहासिक स्थल तिलाड़ी स्मारक को जोड़ने के लिए लगभग तीन दशक पूर्व बड़कोट-तिलाड़ी मोटरमार्ग का निर्माण किया गया था, जिस पर बाद में पौंटी पुल में यमुना नदी पर मोटर पुल का निर्माण कर बनाल, ठकराल, बड़कोट पट्टी के दर्जनों गांवों को जोड़ा गया है, लेकिन आज तक इस मोटर मार्ग का डामरीकरण नहीं हुआ। जिससे ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। युवाओं ने मांग की है कि यदि एक माह के अंतर्गत मोटरमार्ग पर डामरीकरण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता को एक होकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में विचिन रावत, महिदेव राण, कपिल सिंह राणा, सन्तोष चौहान, निर्मल रावत, अंकित राणा,मयंक राणा, अंकित शाह, राम उनियाल, अमित टम्टा, अभिषेक रावत, आशीष नाथ आदि शामिल रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *