जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से कण्वाश्रम के विकास की मांग की है। कहा कि सरकार को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। इस दौरान चारधाम यात्रा की वापसी पौड़ी-कोटद्वार से करने की भी मांग की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। पदाधिकारियों ने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश से चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही पौड़ी-कोटद्वार से इसकी वापसी की योजना बनाई जानी चाहिए। ऐसे में पौड़ी-सतपुली-कोटद्वार सहित अन्य स्थानों पर रोजगार के साधन बढ़ेंगे। साथ ही पलायन पर भी रोक लग सकेगी। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से कण्वाश्रम के बेहतर विकास के लिए योजनाएं भी बनाने की मांग उठाई। कहा कि कण्वाश्रम राजा भरत की जन्मस्थली है। ऐसे में इसे विश्व पटल पर लाने के लिए सरकार को गंभीरता से कार्य करना चाहिए। कहा कि मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से कण्वाश्रम का प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। मुलाकात के दौरान पदाधिकारी ने नीलकंठ, कण्वाश्रम, सिद्धाबली व ताड़केश्वर को धार्मिक पर्यटन सर्किट से भी जोड़ने की मांग उठाई। मुलाकात के उपरांत मुख्यमंत्री ने जल्द ही मांगों पर गंभीरता से ध्यान देने का भी आश्वासन दिया।