छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग: टावर पर चढ़ा छात्र

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून। छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर एक पखवाड़े से डीएवी में आंदोलन कर रहे छात्रों का आक्रोश बढ़ गया है। बुधवार को एमए प्रथम वर्ष का छात्र मनमोहन सिंह रावत कालेज के पास स्थित टावर पर चढ़ गया, जिससे कॉलेज प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। सूचना मिलने पर डालनवाला थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। कालेज की संयुक्त छात्र संघर्ष समिति के पदाधिकारी हन्नी सिसोदिया और उदित थपलियाल ने कहा कि सरकार छात्रों की मांग को अनसुना कर रही है, जिससे छात्रों में भारी रोष है। किसी भी छात्र के साथ कोई अनहोनी हुई तो सरकार जिम्मेदार होगी।
बता दें कि लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। इसको लेकर तमाम छात्र संगठन एकजुट हो गए हैं। इससे पहले उन्होंने डीएवी कालेज भी बंद करा दिया था। इसके बाद छात्रों ने प्राचार्य के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया। उन्होंने सरकार से जल्द चुनाव कराने या छात्र संघ चुनाव के लिए आयु में दो साल की छूट देने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *