सुखरो नदी का लगातार हो रहा भू-कटाव, बचाव की मांग

Spread the love

सिम्मलचौड़ वार्ड नंबर 22 के लोगों ने उपजिलाधिकारी को दिया पत्र
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर 22 सिम्मलचौड़ में लगातार सुखरो नदी से भू-कटाव हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने उपजिलाधिकारी को पत्र देते हुए भू-कटाव को रोकने के लिए योजना बनाने की मांग की है। कहा कि बाढ़ से आबादी क्षेत्र को भी खतरा बना हुआ है। जनता के हित को देखते हुए जल्द ही इस ओर ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
मंगलवार को सिम्मलचौड़वासी तहसील परिसर में पहुंचे। यहां उन्होंने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। बताया कि सिम्मलचौड़ की उत्तरी और पश्चिमी सीमा सुखरौ नदी से सटी है, वर्तमान में अतिवृष्टि और नदी का बहाव रिहायशी इलाके की तरफ होने से खतरा बना हुआ है। गत वर्ष भी बाढ़ के कारण क्षेत्रवासियों को भारी नुकसान झेलना पड़ा था। बताया कि उस समय जनप्रतिनिधि व अधिकारियों ने जल्द सुरक्षा दीवार बनाने का आश्वासन दिया था। लेकिन, एक वर्ष बीत जाने के बाद भी सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं हो पाया है। नतीजा, नदी उफान पर आने से क्षेत्रवासियों की नींद उड़ जाती है। संभावित खतरे को देखते हुए नदी का बहाव डायवर्ट किया जाना चाहिए। नदी किनारे सुरक्षा दीवार भी बनानी चाहिए। ज्ञापन भेजने वालों में श्वेता रावत, रजनी रावत, सरोजनी रौतेला, जसोदा रावत, लक्ष्मी चौहान, माहेश्वरी रावत, संतोषी देवी, मीना रावत, मीनाक्षी रावत, धनेश्वरी देवी, भारती देवी, पार्वती देवी आदि शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *