पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में निकाली गई आक्रोश रैली
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कहा कि भाजपा सरकार केवल जनता का शोषण कर रही है। इस दौरान कांग्रेसियों ने तहसील परिसर में सत्याग्रह भी किया। कहा कि यदि जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
शुक्रवार को पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में कांग्रेसी हिंदू पंचायती धर्मशाला में एकत्रित हुए। यहां से वह नारे बाजी करते हुए झंडाचौक, बदरीनाथ मार्ग होते हुए तहसील परिसर में पहुंचे। जहां उन्होंने सत्याग्रह किया। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने जनता से बड़े-बड़े वादें किए थे। लेकिन, सत्ता में बैठते ही भाजपा ने जनता का शोषण करना शुरु कर दिया। वर्तमान में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर गरीब की जेब पर डाका डाल रहा है। जब पुराने स्मार्ट मीटर बेहतर तरीके से कार्य कर रहे हैं। इनकी अवधि भी समाप्त नहीं हुई है, फिर भी नए स्मार्ट मीटर लगाना सरकारी की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। कहा कि उत्तराखंड में उच्च शिक्षा लेने के बाद भी बेरोजगार सड़कों पर भटक रहे हैं। नकल विरोधी कानून बनाने के बाद भी पेपर लीक हो रहा हैं। कहा कि जिस तरह बेरोजगारों ने आंदोलन चलाकर मुख्यमंत्री को अपने आगे झुकने के लिए मजबूर किया, उसी तरह कोटद्वार वासियों को भी एकजुट होकर अपनी समस्याओं के लिए संघर्ष करना होगा। कहा कि वर्तमान में नगर निगम शहर वासियों से संपत्ति सहित अन्य कर वसूलने की तैयारी कर रहा है। लेकिन, जब तक सुविधाएं नहीं हैं, शहरवासी किसी भी तरह का टैक्स नहीं भरेंगे। कहा कि सात वर्षों से लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण का मामला न्यायालय में लंबित है। आज तक सरकार ने न्यायालय में इसकी बेहतर पैरवी नहीं की। यदि सरकार चाहती तो यह मार्ग कब का बनकर तैयार हो जाता। कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी लापरवाह बनी हुई है। प्रदेश में लगातार अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। प्रदेशवासियों की शिकायत व आंदोलन के बाद भी वनंतरा प्रकरण की सीबीआई जांच नहीं करवाई गई। ऐसे में कैसे प्रदेश की व्यवस्थाएं सुधरेगी यह बड़ा सवाल है। इस मौके पर पूर्व महापौर हेमलता नेगी, महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, युकां नेता विजय रावत, अमितराज सिंह रावत, पार्षद सूरज प्रसाद कांति, पार्षद कविता मित्तल, पार्षद गीता नेगी, पार्षद सोनिया नेगी, सुनील सेमवाल, प्रीति सिंह, गीता सिंह आदि मौजूद रहे।