श्रीनगर गढ़वाल : डिपो की विभिन्न समस्याओं को लेकर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद द्वारा शनिवार को आयोजित क्षेत्रीय बैठक में श्रीनगर डिपो की समस्याओं के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष मेजपाल सिंह, महामंत्री दिनेश पंत मौजूद रहे। बैठक में डिपो संचालन के दौरान आ रही समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। शाखा अध्यक्ष अनिल सिंह भंडारी ने कहा कि श्रीनगर डिपो की दो नई बीएस 6 बसों का संचालन ऋषिकेश से किया जा रहा है। दोनों बसों को तत्काल प्रभाव से श्रीनगर डिपो भिजवाया जाए। बताया कि इसके अलावा डिपो में चालक व परिचालकों, कार्यशाला में तकनीकी कर्मचारियों का अभाव है। शाखा मंत्री मोहित कुमार ने कहा कि श्रीनगर डिपो से दो बसें दिल्ली के लिए संचालित होती हैं, जिनका ऋषिकेश डिपो में दस मिनट का समय है, लेकिन वह समय उन्हें नहीं दिया जाता है। श्रीनगर डिपो का नवनिर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी कार्यालय में पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध नहीं है न ही यहां स्टाफ कैंटीन की व्यवस्था है। बताया कि इन सभी मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री को ज्ञापन भी सौंपा गया है। इस दौरान रोडवेज कर्मचारी यूनियन के दस सदस्यों ने रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद संगठन की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता लेने वालों में दयाल सिंह, प्रदीप भंडारी, विकास नेगी, वशिम, अमर, राहुल आदि शामिल रहे। (एजेंसी)