श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि में संचालित हो रहें इंटीग्रेटेड बीएड प्रोग्राम की भारी भरकम फीस लिये जाने पर आइसा छात्र संगठन ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। इस संदर्भ में आइसा छात्र संगठन ने गढ़वाल विवि के कुलसचिव डा. धीरज शर्मा को ज्ञापन प्रेषित कर इंटीग्रेटेड बीएड की फीस पर कटौती किए जाने की मांग की है।
शुक्रवार को पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष रोबिन असवाल के नेतृत्व में छात्र गढ़वाल विवि के कुलसचिव से मिले। इस दौरान रोबिन असवाल ने कहा कि गढ़वाल विश्वविद्यालय में पहली बार आईटीईपी कार्यक्रम शुरू किया है, लेकिन इसके प्रथम वर्ष की फीस 20 हजार रुपये रखी गई है। केंद्रीय विवि होने के बाद भी इतनी भारी भरकम फीस से छात्रों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष रोबिन सिंह असवाल ने कहा कि फीस अधिक होने के कारण छात्रों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आइसा की नगर सचिव प्रियंका खत्री ने कहा कि छात्र हितों में फीस को कम किया जाना चाहिए। आइसा छात्र संगठन ने फीस को तत्काल रूप से कम किये जाने की मांग की है। कहा कि यदि जल्द से मांगों पर अमल नहीं होता है तो आइसा छात्र संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन देने वालों में आइसा के नगर अध्यक्ष समरवीर रावत, आशुतोष नेगी, सौरव, मनोहर नीरज आदि छात्र-छात्राएं रहे। (एजेंसी)