चमोली : नगर में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जाने वाला मार्ग लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका की लापरवाही के कारण बदहाल बना है। सामाजिक कार्यकर्ता अनूप चौहान ने कहा कि कनखुल रोड से आईटीआई तक जाने का मोटर मार्ग है। लेकिन इस सड़क पर डामर पूरी तरह से उखड़ गया है। नालियां भी नहीं हैं और बरसात का पानी मार्ग पर बहने से सड़क बदहाल बनी है। ऐसे में सबसे ज्यादा दिक्कत दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में आवासीय मकान भी हैं। सड़क खराब होने से यहां कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना पर हो सकती है। कहा कि शीघ्र इस मार्ग को सही किया जाय। अन्यथा किसी भी अनहोनी के लिए प्रशासन और सम्बंधित विभाग जिम्मेदार होगा। इस मार्ग पर दिनभर में सैकड़ों दोपहिया वाहनों का आना जाना रहता है। (एजेंसी)