रुद्रप्रयाग : शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षित बेरोजगारों ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने समेत चार सूत्री मांगों को लेकर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 के बाद से राज्य में शारीरिक शिक्षकों की भर्ती नहीं हुई है। नई शिक्षा नीति के तहत प्राथमिक से इंटरमीडिएट स्तर तक शारीरिक शिक्षा अनिवार्य कर दी गई है मगर विभाग ने अभी तक पद सृजित नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि करीब 12 हजार से अधिक बीपीएड और एमपीएड प्रशिक्षित युवा रोजगार से वंचित हैं और कई अभ्यर्थी आयु सीमा भी पार कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री ने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने इस विषय को मुख्यमंत्री के सम्मुख रखने की बात कही। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडे, महेश नेगी, गोविंद सिंह, रविंद्र सिंह, प्रदीप सिंह नेगी, महावीर सिंह और योगंबर नेगी आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)