समाजसेवी जगमोहन डांगी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड कल्जीखाल अंतर्गत मनियारस्यूं वरिष्ठ नागरिक लोक कल्याण समिति घंडियाल के मीडिया प्रभारी एवं समाजसेवी जगमोहन डांगी ने गुरूवार को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
जगमोहन डांगी ने बताया कि ग्राम पंचायत डांगी में प्रधान पद रिक्त होने से ग्रामीणों के आवश्यक प्रमाण पत्र नहीं बन रहे है। इसके अलावा ग्राम पंचायत में आम बैठक न होने से पेंशन संबंधित प्रस्ताव एवं कार्य योजनाएं पारित नहीं हो रही है। साथ ही राज्य एवं केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्राम पंचायत के नागरिकों को नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आम चुनाव के बाद एक उप चुनाव भी हो गया किंतु आरक्षण परिवर्तन नहीं होने से आज भी ग्राम पंचायत में प्रधान पद रिक्त है। जबकि जहां ग्राम प्रधान पद रिक्त होता है वहां प्रशासक के रूप में एडीओ पंचायत कार्यवाहक होता है। लेकिन आज तक ग्राम पंचायत में कोई भी अधिकारी बैठक लेने आया। जगमोहन डांगी ने कहा कि ग्राम पंचायत में जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम दो बार हो चुका है, लेकिन इसकी भी सूचना ग्रामवासियों को नहीं मिली, जिस कारण जनता दरबार में केवल औपचारिकताएं ही हुई है। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी को विकासखंड कल्जीखाल की न्याय पंचायत घंडियाल में जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जायेगा। इसकी सूचना समय रहते अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए। इसके लिए नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाए।