जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : महिला मंगल दल श्रीकोट व स्थानीय ग्रामीणों ने नर्सिंग कालेज से ग्राम श्रीकोट होते हुए अनुसूचित जाति बस्ती से अंकिता भंडारी के घर तक मोटर मार्ग का निर्माण करने व मोटर मार्ग का नाम अंकिता भंडारी के नाम पर रखने की मांग की है। महिला मंगल दल ने इस संदर्भ में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि पौड़ी-श्रीनगर हाईवे स्थित नर्सिंग कॉलेज से ग्राम श्रीकोट होते हुए अंकिता भंडारी के घर तक मोटर मार्ग का निर्माण होना है, लेकिन अभी तक मोटर मार्ग की वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल पाई है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। कहा कि उक्त सड़क का नाम अंकिता भंडारी के नाम पर रखने के लिए पूर्व में पत्राचार किया गया, लेकिन इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुर्ई, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि 20 फरवरी तक मोटर मार्ग की प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में भवानी देवी, लज्जावती देवी, विधाता, यशोदा, गायत्री, अनिता देवी आदि शामिल रहे।