जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पोखड़ा ब्लाक में बढ़ते वन्य जीवों के हमलों पर कांग्रेस ने रोष व्यक्त किया है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने बुधवार को एसडीएम चौबट्टाखाल के माध्यम से डीएम और डीएफओ को ज्ञापन भेजकर ग्रामीणों को गुलदार की दहशत से निजात दिलाने की मांग की है। साथ ही जो गुलदार पकड़े गए है उनकी मेडिकल रिपोर्ट को भी सार्वजनिक करने और क्षेत्र में घुम रहे गुलदार और भालूओं की गणना करने की भी मांग की।

बुधवार को तहसील चौबट्टाखाल पहुंचे कांग्रेसियों ने वन्य जीवों के हमलों को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाएं जाने पर नाराजगी जताई। पोखड़ा के पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यदि क्षेत्र में गुलदार या भालू अधिक है तो इन्हें यहां से हटाया जाए और प्रभावित सभी गांवों में पिंजरे भी लगाएं जाए, ताकि वन्य जीवों के हमलों से ग्रामीण बच सके। कहा कि आबादी क्षेत्र में उग आई झाड़ियों को भी हटाया जाए। इसके बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधि मंडल ने डीएम और डीएफओ को संबोधित एक ज्ञापन भी एसडीएम चौबट्टाखाल रेखा आर्य के माध्यम से भेजा। मौके पर रेंजर पोखड़ा नक्षत्र लव शाह और अफसरों ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में टीमें गश्त कर रही है और गुलदार पर नजर रखी जा रही है। ज्ञापन देने वालों में ब्लाक अध्यक्ष विजेंद्र दर्शन रावत, जिला उपाध्यक्ष हर्ष वर्धन बिष्ट, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दिग विजय सिंह, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी, रवींद्र सिंह, सुरेंद्र गुंसाई, बिनदेंश सुंदरियाल, मदन नेगी दिनेश रावत, पंकज पोखिरयाल, बलवीर सिंह, सतेंद्र सिंह, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राहुल आदि शामिल रहे।