गुलदार को नरभक्षी घोषित करने व परिजनों को मुआवजा देने की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रहे गुलदार के हमलों पर कांग्रेस ने रोष व्यक्त किया है। सदस्यों ने प्रखंड रिखणीखाल के अंतर्गत तोक गांव कोटा में बच्चे को निवाला बनाने वाले गुलदार को नरभक्षी घोषित करने के साथ ही पीड़ित परिवार को पचास लाख रुपये मुआवजा देने की मांग उठाई। कहा कि जंगली जानवरों से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए सरकार को गंभीरता से कार्य करना होगा।
मंगलवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद रावत व पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में सदस्यों ने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया। बताया कि पहाड़ों में लगातार जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही है। आए दिन गुलदार व अन्य जंगली जानवर पहाड़ के मासूमों को अपना निवाला बना रहे हैं। सोमवार को कोटा में छ: वर्षीय बालक को गुलदार ने अपना निवाला बना दिया। काफी खोजबीन के बाद बालक का क्षत-विक्षिप्त शव बरामद किया गया। कहा कि एक साल में क्षेत्र में यह छठवीं घटना है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने गुलदार को नरभक्षी घोषित कर मारने के आदेश दिए जाने की मांग की है। कहा कि ग्रामीणों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर सुरजीत सिंह, धनवीर सिंह, नेत्र सिंह रावत, रघुवीर सिंह पटवाल, हीरा बिष्ट मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *