जंगली जानवरों से बचाव के लिए कारगर नीति बनाने की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संरक्षक जीके बड़थ्वाल ने जंगली जानवरों द्वारा आमजन पर लगातार किये जा रहे हमलों पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जंगली जानवरों को आबादी तक आने में रोकने के लिए प्रभावी उपाय करने में नाकाम रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार से जंगली जानवरों से बचाव के लिए कारगर नीति बनाने की मांग की।
प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले ही पौड़ी जिले में गुलदार द्वारा एक व्यक्ति पर हमला कर उसकी जान लेने की घटना प्रकाश में आई है। कहा कि प्रदेश के पहाड़ी जिलों में इस तरह की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है और इस संबध में सरकारी प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों से लगातार जंगली जानवरों के हमलों में लोगों के मारे जाने और घायल होने की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों और जंगल से सटे इलाकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। प्रदेश सरकार को इस संबध में ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। कहा कि जल्द इस सम्बन्ध में कारगर नीति नहीं बनाई तो गांवों का अस्तित्व समाप्त हो जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *