जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के बेहतर विकास के लिए घमंडपुर वार्ड नंबर-29 के पार्षद ने भाबर में नगर निगम की मिनी ब्रांच खोलने की मांग की है। कहा कि जनता के हित को देखते हुए जल्द से जल्द इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। इस दौरान सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाने की मांग उठाई गई।
पार्षद अमित नेगी व अन्य लोगों ने महापौर शैलेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन दिया। बताया कि भाबर क्षेत्र से नगर निगम कोटद्वार कई किलोमीटर दूर है। नगर निगम आवागमन में लोगों का पूरा दिन लग जाता है। ऐसे में वर्तमान में यहां नगर निगम की एक मिनी ब्रांच खोलने की आवश्यकता है। कहा कि इससे भाबर क्षेत्र के लोगों को कई किलोमीटर दूर कोटद्वार बाजार क्षेत्र के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। भाबर में ही उनकी छोटी-छोटी समस्याओं का निराकरण हो जाएगा। इससे भाबर क्षेत्र के निंबूचौड़, घमंडपुर, दुर्गापुर, शिवराजपुर, नंदपुर, दुर्गापुरी, उमरावनगर, मोटाढांक, किशनपुरी, सहित अन्य वार्ड के सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा।