श्रीनगर गढ़वाल : चारधाम यात्रा के मुख्य पड़ाव और गढ़वाल के केंद्र बिंदु श्रीनगर में स्थित टीजीएमओयू बस अड्डे पर आज भी बुनियादी यात्री सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। बस अड्डे पर पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय और यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त शेड जैसी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। पास में ही शराब का ठेका है जिससे यहां पर महिलाओं की ओर से बस का इंतजार करना मुश्किल हो जाता है। बस अड्डे से प्रतिदिन टीजीएमओ की ओर से टिहरी, उत्तरकाशी, चंबा, मसूरी, ऋषिकेश, घनसाली आदि सहित अन्य ब्रांच रूटों पर बसों का संचालन किया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ ही चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु भी पहुंचते हैं, लेकिन सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर बारिश और तेज धूप के समय यात्रियों को खुले में खड़े रहना पड़ता है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष देवप्रयाग उत्तम सिंह असवाल, पूर्व प्रधान लक्ष्मण सिंह पंवार, पूर्व प्रमुख जय प्रकाश शाह आदि ने टीजीएमओ के महाप्रबंधक से स्टेशन पर यात्री सुविधाएं जुटाए जाने की मांग की, जबकि प्रशासन से शराब का ठेका अन्यत्र शिफ्ट किए जाने की मांग की। (एजेंसी)