उच्च न्यायालय गैरसैंण अथवा कालागढ़ में शिफ्ट करने की मांग की

Spread the love

उच्च न्यायालय की गढ़वाल में एक अतिरिक्त बेंच खोली जाए
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड उच्च न्यायालय को नैनीताल से हल्द्वानी स्थानांतरित किये जाने के विरोध मे उत्तराखंड विधि कांग्रेस ने महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया। अधिवक्ताओं ने गैरसैण अथवा कालागढ़ में उच्च न्यायालय स्थापना की मांग के साथ-साथ गढ़वाल में एक अतिरिक्त बेंच खोलने की मांग की है।
पूर्व राज्यमंत्री व एडवोकेट जसबीर राणा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसीलदार विकास अवस्थी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल उत्तराखंड को ज्ञापन प्रेषित किया। जसबीर राणा ने कहा कि हल्द्वानी में उच्च न्यायालय की स्थापना से अधिवक्ताओं एवं वादकारियों को कोई विशेष फायदा नहीं होगा। क्योंकि सुदूर उत्तरकाशी, चमोली, हरिद्वार वाले अधिवक्ता एवं वादकारियों को समय के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की स्थापना पर्वतीय क्षेत्रों के विकास की अवधारणा को लेकर की गई थी। इसलिए महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना भी पर्वतीय क्षेत्र में गढवाल एवं कुमाऊ मंडल के मध्य में होनी चाहिए। जिससे दोनों मंडलों के अधिवक्ताओं एवं वादकारियो को समान अवसर प्राप्त हो सके। ज्ञापन देने वालो में पूर्व राज्य मंत्री एडवोकेट जसबीर राणा, विधि कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अनिल खंतवाल, सचिव अनुज भट्ट, एडवोकेट नीलम रावत, विधि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आशुतोष कंडवाल, महानगर अध्यक्ष रजनीश रावत, सोहन सिंह, रतन नेगी, हुकुम सिंह, सागर बिष्ट आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *