निगम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग

Spread the love

पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने दिया उपजिलाधिकारी को ज्ञापन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। ट्र्रेंंचग ग्राउंड व आवारा पशुओं की समस्या का निराकरण नहीं होने पर पूर्व-सैनिक सेवा परिषद ने रोष व्यक्त किया है। परिषद ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देते हुए नगर निगम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सोमवार को परिषद के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल के नेतृत्व में सदस्यों ने उपजिलाधिकारी मुक्ता मिश्र को ज्ञापन दिया। परिषद ने बताया कि नगर निगम की ओर से चालीस वार्डों का कूड़ा गाड़ीघाट स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में डाला जा रहा है। आबादी क्षेत्र के बीच में संचालित हो रहे ट्रेंचिंग ग्राउंड में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। ऐसे में आसपास रहने वाले परिवारों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गंध के कारण परिवारों का सांस लेना भी दूभर हो गया है। गर्मी बढ़ने के साथ ही लोगों को संक्रामक बीमारियों का खतरा सताने लगा है। पूर्व में शिकायत के बाद भी नगर निगम समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा। वहीं, शहर में गोवंश की समस्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। आए दिन गोवंश सड़क पर चलने वाले लोगों को चोटिल कर रहे हैं। काशीरामपुर तल्ला में बनाई गई निगम की गोशाला भी केवल सफेद हाथी बनकर रह गई है। कहा कि जनता की सुरक्षा को लेकर लापरवाही दिखाने वाले निगम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। इस मौके पर सीपी डोबरियाल, अनूप बिष्ट, सुभाष कुकरेती, सुरेश रावत, उमेद सिंह चौधरी, सुरेंद्र सिंह पटवाल, सीपी धूलिया आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *