रुद्रप्रयाग : जिला प्रधान संगठन के सदस्यों ने आठ सूत्री मांगों के संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिलाधिकारी प्रतीक जैन से शीघ्र विभिन्न मांगों पर कार्रवाई के लिए निर्देश देने की मांग की। ज्ञापन में प्रधान संगठन ने ब्लॉक की बैठक में पास होने वाली योजनाओं और प्रस्तावों में संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रस्तावों पर ग्राम प्रधानों की मुहर को अनिवार्य करने, केंद्र व राज्य सरकार की गांव स्तर की योजनाओं के शीलापट पर संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधानों का नाम अंकित होने, हर प्रधान को लेपटॉप सुविधा मुहैया कराने, प्रधानों के मानदेय में बढ़ोतरी, वीबीजीरामजी योजना में नेटवर्क के कारण दो समय की हाजिरी से निजात दिलाने समेत कई मांगें उठाईं। जिला प्रधान संगठन के अध्यक्ष विजयपाल जगवाण ने कहा कि मनरेगा के तहत पूर्व में किए गए विकास कार्यों के मेटेरियल पार्ट का भुगतान नहीं किया गया है। इस कारण नए कार्यों को करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं जखोली ब्लॉक प्रधान संगठन के अध्यक्ष अजय पुंडीर ने परिवार रजिस्टर की नकल का कार्यभार प्रधान के पास पूर्ववत करने की मांग उठाई। (एजेंसी)