रुद्रपुर। निकाय चुनाव के लिए गुरुवार को हुए मतदान पर कांग्रेस ने जिला और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने प्रशासन की निकाय चुनाव में निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव में मतदान के दौरान लोकतंत्र की हत्या की गई। सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया गया है। यह सब कांग्रेसियों ने अपनी आंखों से देखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सरकारी मशीनरी पर विश्वास नहीं है, इसलिए गुरुवार रातभर कार्यकर्ता स्ट्रांग रूम के बाहर निगरानी करते रहे। शुक्रवार को गावा और अन्य कांग्रेसी भी बगवाड़ा मंडी स्थित मतगणना स्थल पहुंचे। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष गावा ने कहा कि हमारी मांग पर यहां स्ट्रांग रूम के बाहरी क्षेत्र को कनेक्ट करती बाहर एलईडी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब थे। बगवाड़ा क्षेत्र के ही 250 से अधिक वोटरों के नाम मतदाता सूची में नहीं थे। हर वार्ड से वोटरों के नाम लिस्ट से गायब होने की शिकायतें आई हैं। उन्होंने कहा कि इसका डेटा एकत्र किया जा रहा है। पार्टी हाईकमान से बात कर इस मामले में दिशा-निर्देश लिए जाएंगे। अगर जरूरत पड़ी तो इस मामले को लेकर हाईकोर्ट भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार कहती है कि निष्पक्ष चुनाव होने चाहिए और दूसरी तरफ मतदाता लोकतंत्र के महापर्व पर मायूस हो रहे हैं।
भाजपा की बौखलाहट साफ दिख रही : मीना शर्मा
महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि निकाय चुनाव में कांग्रेस विधानसभा चुनाव से बहुत बेहतर स्थिति में है। इस बार कांग्रेस बहुत मजबूती से चुनाव लड़ी है। दावा किया कि सारे वार्डों में कांग्रेस को बंपर वोट मिले हैं। भाजपा की बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं और वोटरों को डराया जा रहा था। उनको सरकार और प्रशासन की निष्पक्षता पर कोई भरोसा नहीं है। यहां बाहर एलईडी लगाई गई हैं, लेकिन सरकार की एलईडी तो अंदर है। हमने तो बस अपने मन की संतुष्टि के लिए एलईडी लगाने की मांग उठाई है।