सड़क निर्माण की मांग को तिपोला के ग्रामीणों का तहसील परिसर में प्रदर्शन

Spread the love

बागेश्वर। मंतोली मोटर मार्ग से तिपोला तक संपर्क सड़क का निर्माण नहीं होने से क्षेत्र के ग्रामीण बेहद खफा हैं। उन्होंने गुरुवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि 15 दिन के भीतर सड़क का निर्माण शुरू नहीं किया गया तो वे कलक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। पूर्व विधायक ललित फस्र्वाण के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गुरुवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उसके बाद डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम हेमंत वर्मा को सौंपा। उन्होंने कहा कि मंतोली मोटर मार्ग से तिपोला तक चार किमी संपर्क मार्ग जिला योजना से स्वीकृत है। 29 अगस्त 2013 को जिला योजना के तहत स्वीकृत सड़क के लिए सर्वे भी पूरा कर लिया गया है, लेकिन अभी तक इसका निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों को पैदल चलना पड़ रहा है। गांव की प्रसूता, बीमार, बुजुर्ग आदि को सड़क तक लाने में कई दिक्कतें सामने आ रही हैं। डोली के जरिये बीमार लोगों को चार किमी पैदल चलकर सड़क तक पहुंचाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सब्र का बांध अब टूटने लगा है। वह नौ वर्ष से सड़क बनने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि 15 दिन के भीतर सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर दयाल सिंह, कमल सिंह, ईश्वर सिंह, नीरज सिंह, जगदीश सिंह, अंकुर उपाध्याय आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *