जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार शिकायत के बाद भी मोटर नगर में आधुनिक बस अड्डे का निर्माण नहीं होने से आक्रोशित उत्तराखंड क्रांति दल ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि जनता की अनेदखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार व नगर निगम को समस्या को लेकर गंभीरता दिखानी चाहिए।
वरिष्ठ नेता डा. शक्तिशैल कपरवाण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने मोटर नगर में अधुनिक बस अड्डे के लिए खोदे गए गड्डे में प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि दशकों पूर्व कोटद्वार में आधुनिक बस अड्डे का सपना दिखाया गया था। लेकिन, दशकों बीत जाने के बाद भी बस अड्डे के नाम पर केवल एक गड्ढा ही नजर आ रहा है। नगर निगम व प्रदेश सरकार ने एक बड़ी भूमि को बर्बाद कर दिया है। कहा कि वर्तमान में आधुनिक बस अड्डा निर्माण का मामला न्यायालय में लंबित पड़ा हुआ है। ऐसे में नगर निगम व प्रदेश सरकार को इसके लिए अधिवक्ताओं की राय लेनी चाहिए। यूकेडी के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह रावत ने मोटर नगर की इस बुरी स्थिति के लिए कोटद्वार के विधायक व सांसद जिम्मेदार हैं। मोटर नगर के नाम पर राष्ट्रीय पार्टियों ने केवल राजनीति की है। महानगर अध्यक्ष जगदीपक सिंह रावत ने शहरी विकास मंत्री से समस्या को लेकर गंभीरता दिखाने की मांग उठाई। सत्य प्रकाश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के नाम पर केवल जनता को गुमराह करने का कार्य कर रही है। इस मौके पर वरिष्ठ नेता प्रवेश चंद्र नवानी, सत्यपाल सिंह नेगी, हरीश द्विवेदी, भारत मोहन काला, पुष्कर सिंह रावत, पंकज उनियाल, अशोक कण्डारी, सतपाल नेगी, प्रदीप नेगी, विनोद चौधरी, दीपक, हरेंद्र रावत, विनोद सिंह, दिनेश सिंह, कुलदीप तोमर, नरेंद्र नेगी, बिनोद अग्रवाल, संजू कश्यप आदि मौजूद रहे।